वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई, अवैध देशी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार

कैमूर, बिहार । चैनपुर थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लहराते हुए वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 को चैनपुर थाना पुलिस को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने की सूचना मिली, जिसमें एक युवक अवैध देशी कट्टा लहराते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो के सत्यापन के दौरान पुलिस ने युवक की पहचान संजय बिंद, निवासी ग्राम भगवानपुर, थाना चैनपुर, जिला कैमूर के रूप में की।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संजय बिंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वीडियो में दिखाया गया अवैध देशी कट्टा उसके साथी संदीप बिंद के घर से बरामद कर लिया। संदीप बिंद भी ग्राम भगवानपुर, थाना चैनपुर का ही निवासी बताया जा रहा है।

इस मामले में पुलिस ने संजय बिंद, संदीप बिंद, उमेश कुमार बिंद तथा धनंजय कुमार बिंद के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत चैनपुर थाना कांड संख्या 121/26 दिनांक 14 मार्च 2026 को दर्ज किया है। गिरफ्तार अभियुक्त संजय कुमार बिंद को विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गिरफ्तार अभियुक्त:
संजय बिंद, ग्राम भगवानपुर, थाना चैनपुर, जिला कैमूर

बरामदगी:
एक अवैध देशी कट्टा

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या अवैध हथियार से संबंधित जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके ।
संवाददाता- अफसार आलम, कैमूर, बिहार ।

Post a Comment

0 Comments