भभुआ में कांशीराम जयंती पर विचार गोष्ठी, सामाजिक न्याय के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान

कैमूर, बिहार । बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक एवं डीएस-4 के प्रणेता मान्यवर कांशीराम जी की जयंती के शुभ अवसर पर रविवार को कैमूर जिले के भभुआ स्थित लिच्छवी भवन में एक भव्य जयंती समारोह सह विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मान्यवर मुकेश अहिरवार (मुख्य जोन प्रभारी, बिहार) रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जोन इंचार्ज तथा सासाराम के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी संतोष कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा मोहनिया विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी ओमप्रकाश दीवाना, भभुआ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल, करीम मास्टर, राजा खान, अरुण कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे।

विचार गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने मान्यवर कांशीराम के जीवन, संघर्ष और सामाजिक परिवर्तन के लिए किए गए उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि कांशीराम ने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को संगठित कर उन्हें राजनीतिक अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और भाईचारे की दिशा में प्रेरित करते हैं।
मुख्य अतिथि मुकेश अहिरवार ने अपने संबोधन में कहा कि मान्यवर कांशीराम ने बहुजन समाज को एकजुट करने का जो सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को उनके बताए रास्ते पर चलना होगा। 

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक न्याय के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर दस जिलों के बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्षों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन कांशीराम जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और उनके विचारों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ किया गया।
संवाददाता- अफसार आलम, कैमूर, बिहार ।

Post a Comment

0 Comments