एचपीवी टीकाकरण के संबंध में अनुविभागीय अधिकारी की अध्यक्षता पर संपन्न हुई बैठक, संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

कटनी, मध्यप्रदेश । किशोरी बालिकाओ को गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाने के लिए प्रदेश व्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की तैयारियों को लेकर बहोरीबंद जनपद सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने की। बैठक में बताया गया कि इस अभियान के तहत 9 से 14 वर्ष की आयु की किशोरी बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जाएगा। यह टीका भविष्य में होने वाले जानलेवा कैंसर से सुरक्षा प्रदान करेगा। एसडीएम ने शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे स्कूलों और आंगनबाडी केंद्रों के माध्यम से अभिभावकों को इस टीके के महत्व के बारे में जागरूक करें और फैली हुई भ्रांतियों को दूर करें। स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण सत्रों के आयोजन और माइक्रो-प्लानिंग की जानकारी साझा की। शुरुआती चरण में स्कूलों में शिविर लगाकर बालिकाओं को कवर किया जाएगा। अनुविभागीय अधिकारी ने जोर देकर कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती है, जिसे समय पर टीकाकरण के माध्यम से रोका जा सकता है। 

उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा प्रमाणित किया गया है। यह बालिकाओं के स्वस्थ भविष्य की ओर एक बड़ा कदम है। बैठक में बीएमओ, बीआरसी, परियोजना अधिकारी (महिला बाल विकास) आंगनवाड़ी सुपरवाइजर सहित समस्त विद्यालय के प्राचार्य पर्यवेक्षकों की उपस्थिति रही।
जिला ब्यूरो- अनिल चौधरी, कटनी, मध्य प्रदेश ।

Post a Comment

0 Comments