खजुराहो में योग महोत्सव से शुरू होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का काउंट डाउन

विश्व धरोहर स्थल खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2026 के लिए 25 दिनों की उलटी गिनती कार्यक्रम की मेजबानी के लिए तैयार है। आयुष मंत्रालय के मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) की ओर से बुधवार को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले स्थित खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह में योग महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की राष्ट्रव्यापी तैयारियों को नई गति मिलेगी।

संवाददाता सम्मेलन में आयोजन की जानकारी
कार्यक्रम से पहले केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने खजुराहो में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान खजुराहो लोकसभा क्षेत्र से सांसद विष्णु दत्त शर्मा और राजनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक अरविंद पटेरिया भी मौजूद रहे।

प्रतापराव जाधव ने कहा कि योग महोत्सव-2026, 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की राष्ट्रव्यापी तैयारियों का महत्वपूर्ण चरण है और यह योग को जन-जन तक पहुंचाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय देशभर में 100 स्थानों पर 100 संस्थानों के सहयोग से 100 दिनों का काउंट डाउन अभियान चला रहा है, जिसका उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

योग बना वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन
प्रतापराव जाधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2014 में योग को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में स्वीकार किया था। इसके बाद से योग समग्र स्वास्थ्य और कल्याण का वैश्विक आंदोलन बन चुका है। उन्होंने बताया कि “योग 365 दिन” पहल के तहत मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, आयुष मंत्रालय के सहयोग से 21 जून तक 100 दिनों का निःशुल्क योग प्रशिक्षण अभियान चला रहा है। इसमें अब तक दो लाख से अधिक प्रतिभागी “योग मित्र” के रूप में पंजीकृत हो चुके हैं।

खजुराहो में विरासत और स्वास्थ्य का संगम
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जिसने दुनिया को संतुलित और स्वस्थ जीवनशैली का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में जीवनशैली से जुड़ी बढ़ती चुनौतियों के बीच योग एक वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित और प्रभावी स्वास्थ्य समाधान के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि खजुराहो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है और ऐसे ऐतिहासिक स्थल पर योग महोत्सव का आयोजन भारतीय परंपरा और आधुनिक स्वास्थ्य के सामंजस्य को प्रदर्शित करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन योग की वैश्विक स्वीकार्यता और उसके व्यापक प्रसार को और मजबूती देगा।

सुबह छह बजे से होगा सामूहिक योग अभ्यास
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले आयोजित 25 दिवसीय काउंट डाउन कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को इससे जोड़ना है। कार्यक्रम बुधवार सुबह 6 बजे शुरू होगा, जिसमें देशभर से योग अभ्यासकर्ता, विद्यार्थी, अधिकारी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग भाग लेंगे। सभी प्रतिभागी सामान्य योग अभ्यासक्रम (सीवाईपी) के तहत सामूहिक योग करेंगे।

कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव और मध्य प्रदेश सरकार में आयुष विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार भी शामिल होंगे। इसके अलावा आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) काशीनाथ समागंडी, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, योग विशेषज्ञ और विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

प्रतिभागियों को वितरित होगा आयुष आहार
आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को आयुष आहार भी वितरित किया जाएगा। अपनी भव्य मंदिर वास्तुकला और शांत वातावरण के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध खजुराहो योग महोत्सव 2026 के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह आयोजन भारत की प्राचीन परंपराओं और समग्र स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करेगा। 

Post a Comment

0 Comments