रायपुर, छत्तीसगढ़ । तिल्दा का जोता रेलवे फाटक इन दिनों राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन चुका है। यहां रेलवे फाटक का घंटों बंद रहना आम बात हो गई है। भीषण गर्मी के इस मौसम में लोग तपती धूप में खड़े होकर फाटक खुलने का इंतजार करने को मजबूर हैं। हद तो यह है कि रेलवे द्वारा यहां राहगीरों के लिए छाया या शेड की कोई व्यवस्था तक नहीं की गई है, जिससे लोग चिलचिलाती धूप और बारिश में सीधे मौसम की मार झेलते हैं।
कोसों दूर होती है ट्रेन, पहले ही गिरा दिया जाता है फाटक
स्थानीय लोगों और राहगीरों का आरोप है कि ट्रेन के कोसों दूर रहने पर भी, करीब आधे घंटे पहले ही फाटक को बंद कर दिया जाता है। इसके कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और घंटों ट्रैफिक जाम रहता है।
नेता मस्त, जनता त्रस्त
आक्रोशित नागरिकों का कहना है कि तिल्दा में चाहे ट्रैफिक व्यवस्था हो या जोता रेलवे फाटक की समस्या, सुध लेने वाला कोई नहीं है। लोगों का साफ कहना है कि "यहाँ नेता मस्त हैं और आम जनता त्रस्त है।" स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की इस बेरुखी से जनता में भारी नाराजगी है।
जिला ब्यूरो- पूरन वर्मा, रायपुर, छत्तीसगढ़ ।
0 Comments